माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन कराने के लिए सचल दल के अलावा मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाएंगे। इस बार बोर्ड परीक्षा में अनुपस्थित परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं उनकी सीट पर रखी जाएंगी, जिससे कोड क्रमांक में किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। बोर्ड परीक्षा में विशेष परिस्थितियों में ही जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद ही बेसिक शिक्षा के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से दो पालियों में शुरू होगी।
सोमवार को हाफिज सिद्दीक इस्लामियां इंटर कॉलेज स्थित हॉल में जिलाधिकारी शंभू नाथ और एसएसपी सौमित्र यादव ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों सहित संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। जिलाधिकारी ने कहा कि अनुचित साधन प्रयोग करने वाले अथवा नकल कराने में किसी प्रकार से सहयोग करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को हिदायत दी है कि वह नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पूर्ण रूप से गंभीर रहें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौमित्र यादव ने कहा कि केंद्र व्यवस्थापक अपने पास संबंधित थानाध्यक्षों और पुलिस विभाग के अधिकारियों के सीयूजी नंबर अवश्य रखें। कोई दिक्क्त आने पर संबंधित एसओ को जरूर सूचना दें। उन्होंने बताया प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। केंद्र के आसपास अनावश्यक रूप से मंडराने वालों के साथ सख्ती से पेश आया जाएगा। केंद्र में कोई भी परीक्षार्थी अथवा कक्ष निरीक्षक मोबाइल नहीं ले जा सकेेंगे। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिल्सी विधान जायसवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आनंद कुमार शर्मा सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
----
शिक्षा विभाग का कंट्रोल रूम खुला
बदायूं। जिला विद्यालय निरीक्षक वीना यादव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 36,883 और इंटर के 25,551 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 62,434 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगी। छह सचल दल बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए106 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 15 संवेदनशील हैं। किसी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई है, जो प्रात: सात से रात्रि आठ बजे तक कार्यरत रहेगा। किसी समस्या के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 05832-220156 पर कॉल की जा सकती है।