बिजली की समस्या को लेकर गांव चिड़िया खेड़ा में ग्रामीणों की महापंचायत। संवाद
इस्लामनगर। ब्लॉक क्षेत्र के गांव चिड़िया खेड़ा में खतरनाक हुईं बिजली लाइनों को हटवाने और ठीक कराने को लेकर गांव में एक बड़ी पंचायत बुलाई गई। ग्रामीणों ने इसमें एकजुटता के साथ फैसला लिया कि पहले एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। सुनवाई न होने पर धरना प्रदर्शन के साथ आंदोलन छेड़ा जाएगा।
पंचायत में बिजली समस्या को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बिजली लाइनों के खतरनाक होने के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि चार लोगों के घरों में बिजली के खंभे लगे हैं। इनसे गुजर रही हाईटेंशन लाइन करीब 40 घरों के ऊपर से गुजर रही है। एक ग्रामीण ने बताया कि उनके घर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर वाली गली में बिजली के तारों का गुच्छा बना दिया गया है।
गांव के 14 खंभे टूटे पड़े हैं। तमाम शिकायतों के बाद भी छह महीने से किसी भी बिजली अधिकारी ने यहां आकर नहीं देखा। पंचायत में फैसला लिया गया कि बिजली समस्या का अब गांव वाले एकजुट होकर निदान कराएंगे अन्यथा आंदोलन की राह पकड़ेंगे।
पंचायत में विशाल चौधरी मौसमपुर, शिवम् चौधरी, अजयपाल, बॉबी, नन्ने, कुंवरपाल प्रधान, भगवान दास, कमरुद्दीन, शराफत आदि शामिल रहे।