कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर स्थित इफ्को के खाद वितरण सेंटर पर शनिवार को लाइन में लगे किसान उस वक्त भड़क उठे जब उन्हें दरकिनार कर ब्लैकिया को वरीयता दी गई। गुस्साए किसानों ने हंगामा कर दिया। पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
यूरिया के लिए शनिवार तड़के से ही आसपास इलाके के किसानों की भीड़ लगी गई थी। केंद्र प्रभारी जितेंद्र सिंह ने पूर्वाह्न में वितरण शुरू किया। इसी बीच, एक व्यक्ति यूरिया के चार कट्टे अपने वाहन में लदवाता देखा गया। किसानों ने उससे यूरिया के बारे में पूछा तो कहासुनी हो गई। गोदाम प्रभारी ने मामला शांत करने का प्रयास किया। गुस्साए किसानों ने काफी देर तक हंगामा भी किया।
किसानों के गुस्से के मद्देनजर केंद्र प्रभारी ने कोतवाली फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों से बात करके उन्हें शांत किया। किसानों में राजपाल ने बताया कि केंद्र पर ज्यादातर किसानों को यूरिया नहीं मिल पाती। जबकि राजनीतिक हस्तक्षेप से ब्लैकिया कई-कई कट्टे हासिल करने में सफल हो जाते हैं। इधर, बीकेडी के जिला महासचिव सत्यवीर सिंह ने ब्लैक पर गुस्से का इजहार करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।