बिसौली। बैंक से लोन देने के नाम पर बैंक मैनेजर ने महिला को कमरे पर आने का निमंत्रण दे डाला। महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर मिलने पर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने बैंक से लोन लेकर अपना कारोबार शुरू किया हुआ है। उसी से वह अपने घर का खर्चा चला रही है। दंपती मासिक किस्त समय से बैंक में जमा करते आ रहे हैं।
आरोप है कि बैंक मैनेजर ने गांव में जाकर उनसे कहा कि आप अपनी सभी किस्त एक साथ जमा कर दो। इससे आपको लोन बढ़कर मिल जाएगा। महिला ने अपना कारोबार बढ़ाने के लिए कर्ज लेकर सारी किस्तें जमा कर दीं। महिला का आरोप है कि मैनेजर ने नए लोन के लिए रिश्वत मांगी। इसी दौरान एक व्यक्ति महिला को मैनेजर से मिलाने उनके ऑफिस ले गया।
आरोप है कि मैनेजर ने कहा कि लोन चाहिए तो शाम को कमरे पर आ जाओ, यह बात सुन उसकी मैनेजर से कहासुनी हो गई और वह घर चली आई। महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल समेत थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।