उझानी में अस्थायी अतिक्रमा हटवाने को चेतावनी देते पालिका अफसर। स्रोत- नगर पालिका
उझानी। नगर पालिका परिषद ने पुरानी अनाज मंडी को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। सफाई निरीक्षक के साथ मंगलवार दोपहर पालिका कर्मी जेसीबी लेकर मंडी में पहुंच गए। भूसा के ढेर और ठेला- खोमचा वालों को सिर्फ एक दिन की मोहलत दी गई है। इसके बाद मंडी के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलेगा।
पुरानी अनाज मंडी में अतिक्रमण करीब दो दशक से बताया जा रहा है। पालिका ने उस वक्त संगठित विकास योजना से पूरे परिसर में दुकानों का निर्माण कराने की पहल की थी। धनराशि भी अवमुक्त हो गई थी, लेकिन मंडी के गृहस्वामियों और पालिका के बीच फड़ की भूमि को लेकर विवाद सामने आया तो दुकानों का निर्माण कार्य अधर में लटक गया। अवमुक्त धनराशि भी शासन स्तर को लौटा दी गई। पिछले दिनों नगर पालिका परिषद के अधिकतर सदस्यों ने मंडी को अतिक्रमण मुक्त कराके दुकानों का निर्माण कराने की मांग की थी।
इसी सिलसिले में सफाई निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी और पालिका के कर्मचारी जेसीबी लेकर पुरानी अनाज मंडी में पहुंच गए। उन्हें मंडी में कई स्थानों पर भूसा के ढेर नजर आए। प्राचीन शिवमंदिर के आसपास ठेला- खोमचा और फड़ वालों का कब्जा दिखा। सफाई निरीक्षक ने बताया कि मंडी को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है। पहले चरण में अस्थायी, फिर स्थायी अतिक्रमण को हटाया जाएगा। अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों को एक दिन की मोहलत दी गई है। इसके बाद भी ठेला- खोमचे और भूसा के ढेर नहीं हटाए गए तो कार्रवाई होगी। स्थायी अतिक्रमण पर बुलडोजर चल सकता है।