वजीरगंज कस्बे में ढही बर्फ फैक्ट्री की बिल्डिंग। संवाद
वजीरगंज। एमएफ हाईवे पर सिंचाई विभाग की कोठी के सामने स्थित एक आइस (बर्फ) फैक्ट्री की बिल्डिंग बुधवार की शाम अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर कोई मौजूद नहीं था, इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के पास जेसीबी मशीन से नींव की खोदाई का कार्य चल रहा था। गहरी खोदाई के चलते पानी का रिसाव शुरू हो गया, दससे बिल्डिंग की नींव कमजोर पड़ गई और वह अचानक ढह गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फैक्ट्री मालिक गौरव वार्ष्णेय ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के कुछ लोग ही फैक्ट्री के पास जेसीबी से खोदाई करा रहे थे। गहरी खोदाई के कारण बिल्डिंग गिर गई, इससे फैक्ट्री में लगी बर्फ बनाने की मशीनें और पास में खड़ी डिजायर कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रार्थनापत्र मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।