विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रचार प्रचार करना शुरू कर दिया है। स्वीप कार्यक्रम के तहत 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम ’आई विल वोट’ का पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया, जिससे खूब शेयर किए जाने की अपील की। इससे पहले डीएम पवन कुमार और एसएसपी महेंद्र यादव ने इस पोस्टर को जारी कर दिया है।
शुक्रवार को पुलिस लाइंस परिसर में डीएम एवं एसएसपी ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने ’आई विल वोट’ का पोस्टर जारी करते हुए कहा कि मतदान दिवस को उत्सव के रूप में मनाने के लिए अधिवक्ताओं, मेडिकल स्टोर यूनियन, आईएम, शिक्षाविद, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम को उत्सव का रूप देने के लिए स्टीकर, कैप, हैंडबिल आदि की छपाई कराने का कार्य शुरू हो चुका है। इस मौके पर एडीएम प्रशासन अजय श्रीवास्तव, एसपी सिटी अनिल यादव, एसपी आरए संजय राय, सिटी मजिस्ट्रेट श्रीराम यादव, स्वीप प्रभारी रणविजय सिंह आदि ने पतंगबाजी प्रतियोगिता, आतिशबाजी एवं कैंडल शो कराने के लिए जगह का चिह्नांकन किया। मानव श्रृंखला एवं मार्च पास्ट के लिए भी रोड भी चिन्हित किया।
50 मीटर कागज पर कराए जाएंगे हस्ताक्षर
चुनाव में शतप्रतिशत मतदान के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें 50 मीटर कागज पर हस्ताक्षर कराए जाएंगे, जिसे भारत निवाचन आयोग को भेजा जाएगा। रंगोली बनाने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र मिलेंगे।