फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोकशी नहीं रुकी तो एक सप्ताह में दे दूंगा इस्तीफा

Wed, 03 Aug 2016 11:23 PM IST
बदायूं, ब्यूरो
विज्ञापन
अाबिद रजा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
परोक्ष रूप सपा के एक बड़े नेता पर हमलावर हुए आबिद
गंगा और गोकशी से जोड़ दी परदेशी नेता की सरपरस्ती
बोले, परदेशी नेता ने मोदी लहर में भी जीता चुनाव
गंगा में अवैध खनन के साथ जिले में हो रही गोकशी को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर हुए शहर विधायक/वक्फ विकास निगम के चेयरमैन आबिद रजा ने अब परोक्ष रूप से अपनी ही पार्टी के जिले के एक बड़े नेता पर निशाना साधा है। आबिद ने नाम लिए बिना कहा कि अवैध खनन और गोकशी का धंधा इसी बड़े नेता की सरपरस्ती में चल रहा है। यह परदेशी नेता मोदी लहर में भी चुनाव जीत गए। इतना ही नहीं आबिद ने कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर खनन और गोकशी पर रोक नहीं लगी तो वह वक्फ विकास निगम (दर्जा राज्यमंत्री) पद से इस्तीफा दे देंगे। आबिद ने कहा कि गाय और गंगा का मुद्दा उठाने पर उनको जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
आबिद रजा बुधवार दोपहर नगर पालिका गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। आबिद ने कहा कि जिले में अवैध खनन हो रहा है, गाय काटी जा रही रही हैं, सड़कें खोदी जा रही हैं। एक बड़े सफेदपोश बदायूं की जनता को गुलाम बनाना चाहते हैं। इस बड़े सफेदपोश की वजह से अधिकारी किसी और की नहीं सुनते। मैं सच्चा मुसलमान हूं, अपने जिले के लोगों को गुलाम नहीं बनने दूंगा। इसके साथ आबिद ने इस बड़े सफेदपोश नेता के खिलाफ जंग का एलान कर दिया। कहा कि इस बड़े सफेदपोश के खिलाफ वह हिंदू और मुसलमानों के साथ सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि परदेशी नेता को बदायूं के लोगों से असली प्यार नहीं हो सकता। आबिद यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि जब मैने गाय, गंगा और सड़कों की खोदाई के बारे में मुहिम छेड़ी तो मुझे झूठे मामलों में फंसाने के साथ हत्या कराने की धमकी दी जा रही है। गंगा के अवैध खनन से बालू की ट्रॉली तीन सौ रुपये से तीन हजार की हो गई है। इससे आम आदमी अपना मकान भी नहीं बनवा पा रहा है। जिले में 10-20 लोग सफेदपोश नेताओं से साठगांठ करके गोकशी के कारोबार में आर्थिक लाभ उठा रहे हैं और बदनाम पूरी कौम हो रही है। इसलिए गोकशी हर हाल में बंद होनी चाहिए। 
विज्ञापन

--------------------
सफेदपोश तो तमाम, नाम उजागर करें आबिद
 विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले श्रम संविदा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष बने डॉ. यासीन अली उस्मानी बुधवार को पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने शहर विधायक द्वारा अपनी जान का खतरा बताए जाने के मामले में कहा कि साढ़े चार साल तक वह सत्ता के साथ रहे, तब तो अधिकारी उनकी सुनते थे और उनको कोई खतरा भी नहीं था। आबिद को पहले से सुरक्षा मुहैया कराई गई है, यदि अब खतरा बढ़ा है तो प्रशासन को अवगत कराएं, सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।
जिले में गौकशी कराने और गंगा में अवैध खनन कराने में सफेदपोश की तरफ इशारा करने वाले आबिद के बयान के जवाब में डॉ. उस्मानी ने सफेद कपड़े तो सभी पहनते हैं, जब वह इतने गंभीर आरोप लगा सकते हैं, तो उसका नाम भी उजागर करें। आबिद के इस्तीफा देने की धमकी देने संबंधी बयान के बारे में कहा कि सपा मुस्लिमों की हितैषी पार्टी है। इसमें किसी के आने या जाने से कोई खास फर्क नहीं पड़ता है। केवल सपा ने साढ़े चार साल में ही अपना घोषणा पत्र पूरा किया है। कहा, बदायूं की जनता विकास चाहती है और विकास करने वाला चाहे कसी जाति या मजहब का हो, लोग उसका साथ देते हैं। यहां का विकास सांसद धर्मेंद्र यादव ने अतुलनीय कराया है।
डॉ. उस्मानी ने कहा कि कम समय से वह अपनी ओहदे की जिम्मेदारी निभाएंगे। बालश्रम रोकने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे, जिससे इस अपराध को रोककर देश का भविष्य बच्चे बचाए जा सकें। संविदा कर्मचारियों के लिए कुछ बेहतर कर जाएंगे, जिसे आने वाली सरकार को भी करना पड़े। क्राइम कंट्रोल के बारे में अन्य राज्यों की तुलना में हम बेहतर हैं। बोले, युवा सीएम अखिलेश ने बुलंदशहर मामले में तुरंत एक्शन लेकर अपनी सरकार की साफ मंशा जता दी है।
------
आजम के बारे में बयान देने से किया मना
नगरीय विकास मंत्री आजम खां द्वारा बुलंदशहर में रेप का शिकार हुई पीड़िता और उसकी बेटी के बारे में विवादस्पद बयान के बारे में डॉ. उस्मानी से बयान देने से मना दिया। साथ ही शहर विधायक आबिद रजा के बारे कहा कि उनसे बहुत बात नहीं होती है।
-----
सांसद ने नहीं की कॉल रिसीव
अपनी ही सरकार में अपनी जान को खतरा बता रहे सपा के शहर विधायक और दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा के मामले में क्षेत्रीय सांसद धर्मेंद्र यादव से उनका पक्ष लेने की कोशिश की, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इस मुद्दे पर अन्य सभी सपा नेता बयान देने से कन्नी काट गए।
विज्ञापन

-----
मैं अभी जिले से बाहर हूं। कौन क्या बयान दे रहा है, मुझे नहीं पता। जब लौटूंगा, तो पड़ताल करने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा, बनवारी सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सपा, 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें