अटल बिहारी बाजपेई ऑडिटोरियम में अग्रसेन जयंती समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित कवि सम्मेलन में कवि
शाहजहांपुर। महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में बृहस्पतिवार रात कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देर रात तक श्रोता रचनाओं की फुहार से भीगते रहे।
भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई ऑडिटोरियम में हुए कवि सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर, आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने दीप जलाकर किया। कवि मोनिका देहलवी ने मां सरस्वती की वंदना की।
कोटा के डॉ. आदित्य जैन ने सुनाया कि परिवार छोड़कर गए सरहद के काम पर,आजादी छीन लाए सांसों के दाम पर, अपने घरों में दीप जलाओ तो साथ में, दीपक जलाना एक शहीदों के नाम पर। हापुड़ के अर्जुन सिसोदिया ने कहा कि डेढ़ अरब बेटों की ताकत अब दुनिया पर भारी होगी, हमको विश्व गुरु कहने की दुनिया की लाचारी होगी।
दिल्ली की मोनिका देहलवी ने रचना सुनाई कि चाहत में तेरी खुद को डुबोते चले गए, आंखों में तेरी खोए, तो खोते चले गए। हरियाणा के अनिल अग्रवंशी ने रचना सुनाई कि हंसना हंसाना आफत है मेरी, अपना बनाना आदत है मेरी, अंदाज में बुलाना आदत में है मेरी। समारोह में एडीएम अरविंद कुमार, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, शिल्पी गुप्ता, डीपीएस राठौर, इंदु अजनबी आदि मौजूद रहे।