भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कानून व्यवस्था के नाम पर सपा पर हमला
बिल्सी में भाजपा प्रत्याशी के लिए जनसभा की
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश की सत्ता में आते ही भाजपा पिछले 15 साल में सपा और बसपा के कार्यकाल में यूपी के अंदर हुए कार्यों की जांच कराकर जनता के एक-एक पैसे का हिसाब लेगी। इसके लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। सोमवार को उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आरके शर्मा के समर्थन में बिल्सी के मुजरिया तिराहे पर स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर गुंडे और माफिया जेल के अंदर होंगे। गरीबों और किसानों की जमीनों पर कब्जे करने वालों को कोई बचा नहीं पाएगा। सपा और बसपा पर प्रहार करते हुए कहा कि दोनों ही दलों के नेताओं ने अपनी सरकारों में विकास के पैसे की लूट की। भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। इनसे अब जनता त्रस्त हो गई है। सपा के पैर उखड़ चुके हैं इसीलिए उसने कांग्रेस से गठबंधन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही सबसे पहले किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा और उन्हें बगैर ब्याज ऋण दिया जाएगा। प्रदेश में होने वाली भर्तियों में इंटरव्यू को खत्म किया जाएगा। ताकि युवाओं को रोजगार प्राप्त करने में किसी तरह के भ्रष्टाचार का शिकार न होने पड़े। इसके अलावा उन्होंने लड़कियों को स्नातक तक और 50 प्रतिशत से ज्यादा अंक पाने वाले छात्रों को भी स्नातक तक मुफ्त शिक्षा की बात कही। बोले 24 घंटे बिजली मिलेगी।
जनसभा में पूर्व विधायक और बिल्सी से भाजपा प्रत्याशी आरके शर्मा, पार्टी जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, पूर्व विधायक प्रेमस्वरुप पाठक, पार्टी नेता जितेंद्र यादव, वागीश पाठक, विवेक राठी, अनूप सिंह, सीमा चौहान, पीयूष शाक्य, राजेश कुमार सिंह, गेंदन लाल मौर्य, झंडू सिंह, जगदीश सिंह, मोहित गुप्ता, राहुल माहेश्वरी, शिवकुमार, प्रेमवती मौर्य, गौरव वार्ष्णेय आदि मंच पर मौजूद रहे।