बदायूं। एक महिला ने अपने दूसरे पति पर गंभीर आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि उसके दूसरे पति ने सराफ की दुकान पर कब्जा कर लिया है। वह उन्हें सड़क हादसे में मरवाना चाहता है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के बाबा कॉलोनी निवासी एक महिला ने एसएसपी को बताया कि उनके पति की मार्च 2023 में हार्टअटैक से मौत हो गई थी। उससे उनको एक बेटा व एक बेटी है। उनकी कस्बा ककराला में सराफ की दुकान है। पति की मौत के दो महीने ही उन्होंने परिजनों की सहमति से देवर से शादी कर ली थी। जिसके चलते वह उनकी सराफ की दुकान पर बैठने लगे। आरोप है कि छह महीने तो सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद उनका व्यवहार बदल गया। वह उनके दोनों बच्चों को सौतेला बताकर मारपीट करते और उन्हें भी भूखा प्यासा रखने लगे। उन्होंने उनकी दुकान पर कब्जा कर लिया। एक जुलाई को वह बच्चों के साथ मारपीट की और दुकान की चाबी लेकर कहीं चले गए। इससे दुकान बंद है। आरोप है कि वह पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर गए। घर से बाहर निकली तो हादसे में मरवा देगा। इससे उन्हें व बच्चों को जान का खतरा सता रहा है। पीड़िता ने एसएसपी से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।