बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव ब्यौली में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। पत्नी के रोजाना रसेदार (पतली) सब्जी बनाने से नाराज युवक ने डायल-112 पर कई बार कॉल कर पुलिस बुला ली। सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने मौके पर पहुंचकर मामला समझा और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार, अरविंद कश्यप ने कथित रूप से शराब के नशे में पुलिस को चार से पांच बार कॉल की। पुलिस के पूछने पर उसने शिकायत की कि वह सूखी सब्जी खाना चाहता है, लेकिन उसकी पत्नी रोजाना रसेदार सब्जी बना देती है। युवक की शिकायत सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीण भी हैरान रह गए।
पुलिस ने युवक को समझाया कि इस तरह के घरेलू विवाद के लिए आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग न करें। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने दोनों को आपसी समझ से विवाद सुलझाने की सलाह दी, जिसके बाद मामला शांत हो गया।