मूसाझाग। एक शादी कर चुका युवक पहली पत्नी से कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बीच दूसरी शादी करने के लिए गाजे-बाजे के साथ बरात लेकर पहुंच गया। पहली पत्नी को इस बारे में पता लग गया तो वह पुलिस को लेकर बरात में पहुंच गई। काफी हंगामा किया, आखिर बरात को बैरंग होना पड़ा।
सिविल लाइंस थाने के भरकुइयां गांव के एक युवक की शादी 2018 में रामपुर के मिलक से हुई थी। कुछ दिन पति-पत्नी साथ रहे फिर अनबन होने के चलते दोनों अलग हो गए। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इस बीच युवक ने आमगांव की एक लड़की से शादी तय कर ली। शनिवार रात वह बरात लेकर बाजे-बाजे के साथ पहुंचा। इस बारे में उसकी पत्नी को पता लग चुका था। वह शादी और कोर्ट में विचाराधीन मामले से जुड़े साक्ष्यों को लेकर पुलिस के साथ शादी समारोह में पहुंच गई। उसने जमकर हंगामा किया। लड़की पक्ष के लोगों को इस बारे में पता लगा तो उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। ऐसे में बरात को वापस होना पड़ा। चौकी इंचार्ज अनूप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। अभी किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।