फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया धुरेकी में हैंड पंप का बोरिंग करते वक्त पाइप के हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो लोग झुलस गए। इनमें रवि नाम के युवक की बरेली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों युवक हैंडपंप मिस्त्री हैं। मुडिय़ा धुरेकी निवासी रवि (25) विकास (30) हैंडपंप मिस्त्री हैं। बुधवार को दोनों विद्युत सब स्टेशन के पास हैंडपंप का बोरिंग कर रहे थे। इस दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से टच हो गया। इससे दोनों गंभीर झुलस गए। इनको बरेली रेफर किया गया था। इलाज के दौरान बरेली के एक अस्पताल में रवि की मौत हो गई। विकास की हालत भी गंभीर बनी हुई है। गनीमत रह रही कि पास में कई अन्य लोग भी खड़े थे। अगर लाइन टूट कर गिरी होती तो कई लोगों की जान जा सकती थी।