हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर पिकअप वाहन जल गया। इसमें सवार दो महिलाओं की मौत हो गईं। मरने वाली महिलाएं देवरानी-जेठानी हैं। हादसा सोमवार को बिसौली-आंवला रोड के पास बसई-चंदपुरा लिंक रोड पर दोपहर 12 बजे हुआ। हादसे के बाद से वाहन चालक का पता नहीं है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चार घंटे तक शव नहीं उठने दिए। ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। मामले में बिजली विभाग के एसडीओ और जेई के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मपुर बिहारीपुर के सूरजपाल की पत्नी कलावती (45) और उनकी देवरानी ज्ञानवती (32) पत्नी प्रेमपाल घर से दवा लेने बिसौली के लिए निकली थीं। देवरानी-जेठानी गांव के बाहर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक पिकअप वाहन आया। दोनों बिसौली जाने के लिए इस वाहन में सवार हो गईं। गांव से निकलने के बाद कुछ ही दूरी पर पिकअप वाहन काफी नीचे झूल रही 37 केवीए की लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ वाहन में आग लग गई। कलावती और ज्ञानवती की इसमें जलकर मौत हो गई। चालक का अब तक कुछ पता नहीं है। हादसे में पिकअप जल गया।
घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिसौली-आंवला रोड पर जाम लगा दिया। खबर मिलने पर एसडीएम बिसौली गुलाबचंद्र, सीओ राजवीर सिंह, एसओ कश्मीर सिंह, वजीरगंज पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव उठाने की कोशिश की तो ग्रामीण भड़क गए। दोनों पक्षों में टकराव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने चार घंटे तक शव नहीं उठने दिए। कलावती के पति सूरजपाल की ओर से बिजली विभाग के एसडीओ और जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शाम चार बजे के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।