बदायूं/दातागंज। दातागंज तहसील क्षेत्र के दो गांव पड़ेली और चिरानी हॉटस्पॉट घोषित कर दिए गए हैं। इन गांवों को पूरी तरह सील करने के साथ ही इनमें आने जाने के रास्तों को भी बंद कर दिया गया है। गांव में अन्य संक्रमित लोगों की पहचान के लिए सर्वे भी शुरू कराया जा रहा है।
रविवार देर रात तहसील क्षेत्र के ग्राम चिरानी और पड़ेली में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिला था। चिरानी गांव का पॉजिटिव मरीज शाहजहांपुर निवासी अपने साले के संपर्क में आया था। वह 13 मई को शाहजहांपुर के कलान गया था। यहां वह अपने साले को दवा दिलाने डॉक्टर के पास ले गया। उसी दिन साले की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली थी। इससे 14 मई को चिरानी निवासी युवक और उसके परिवार को क्वारंटीन किया गया। वहीं, पड़ेली निवासी युवक दिल्ली से लौटा था। शक के आधार पर उसका व उसके परिवार के तीन लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। इसमें युवक पॉजिटिव निकला। जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य निगेटिव निकले।
देर रात दोनों मरीजों को उझानी के कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं, इसकी सूचना पर एसडीएम लालबहादुर सिंह और सीओ एस.के सिंह पुलिस बल के साथ पहले चिरानी गांव पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पड़ेली गांव को सील कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। सोमवार दोपहर तक दोनों गांव सील करा दिए। इन्हें हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। गांव के किसी व्यक्ति को बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।
संग्रामपुर और लक्ष्मीपुर पहुंचे एडीजी, कानून व्यवस्था का लिया जायजा
बदायूं/ दबतोरी। एडीजी अविनाश चंद्र सोमवार सुबह करीब 11 बजे हॉटस्पॉट एरिया संक्रामपुर व लक्ष्मीपुर पहुंचे। इस गांव में 21 मई को 11 कोरोना पॉजिटिव केस निकले थे। इसके बाद गांव को सील कर दिया गया था। एडीजी ने गांव में सामाजिक दूरी, लॉकडाउन की स्थिति व पुलिसिंग आदि की व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने ग्राम प्रधान मोहम्मद जमीर से बात की। ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव में निगरानी समिति पूरा कार्य कर रही हैं। इसके बाद एडीजी लक्ष्मीपुर गांव पहुंचे। यहां भी उन्होंने गांव के हालात देखेे। कहा कि गांव में हर तरह के आवागमन पर रोक लगाएं। सारे रास्ते बंद कर दें। इसके बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन ऋतु पूनिया, एसपी देहात सुरेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम बिसौली सीपी सरोज, सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।
बड़े सरकार और छोटे सरकार भी पहुंचे एडीजी
एडीजी अविनाश चंद्र ने ईद के मुबारक पर बड़े सरकार और छोटे सरकार में पुलिस की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस समय लॉकडाउन चल रहा है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए ज्यादा भीड़भाड़ न इकट्ठा हो। सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जाए।
सात गांवों में होगा डोर टू डोर सर्वे
दातागंज। तहसील क्षेत्र के करीब आधा दर्जन से ज्यादा गांव में बाहर से लोग लौटे हैं। इस पर एसडीएम लाल बहादुर सिंह ने ग्राम भटौली, समरेर, खलीलपुर, नेता झुकसा, बहोरा, बझेड़ा, सादुल्लागंज समेत कई गांव का सर्वे कराने को कहा है। उन्होंने बताया कि इन गांव में डोर-टू-डोर सर्वे कराया जाएगा जिससे संदिग्ध लोगों की पहचान हो सके और उनकी जांच कराई जा सके।