बदायूं। शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने डीएम, एसएसपी के साथ में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की, साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिले को बेहतर बनाने के लिए और तेजी से प्रयास करें।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमत्री व मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रत्येक लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य पहुंचे। सभी अधिकारी समय से कार्यालय पहुंचकर ईमानदारी से कार्य करें, जो भी दायित्व दिए गए है उनका गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध निर्वहन करें। सभी को मिलकर जिले को विकास की ओर ले जाना है और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। डीएम ने निर्देश दिए कि सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती महिलाओं का रजिस्टर बनाया जाए। यदि कोई महिला प्राइवेट हॉस्पिटल जाती है, तो उसका कारण उस रजिस्टर में स्पष्ट लिखा हो। डीसी मनरेगा ने बताया कि मनरेगा की स्थिति पहले से बेहतर है। डीएम ने डीपीआरओ डॉ. शरनजीत कौर को निर्देश दिए कि प्रधानों को कॉल करके पता करें कि सफाई कर्मचारी गांव में आ भी रहा है या नहीं। डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है, इसको जल्द से जल्द सुधारा जाए। वहीं डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में मरीजों की सुविधा को ध्यान रखते हुए बिजली की आपूर्ति लगातार आती रहनी चाहिए। इस मौके पर सीडीओ निशा अनंत, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम राम निवास शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट केके अवस्थी, एसपी सिटी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी आरए डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
राज्यमंत्री ने किया अस्पताल का निरीक्षण
बदायूं। राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल पूछा और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि समय-समय से राउंड लगाकर मरीजों का हाल जानते रहें। उन्होने मरीज के साथ आए तीमारदारों से कहा कि कोई भी गांव में बीमार पड़ता है तो उसे तुंकाल 108 एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराएं।