करीब डेढ़ साल से मानदेय अवमुक्त नहीं होने से गुस्साए रोजगार सेवकों ने सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के गेट पर तालाबंदी भी कर दी। इसे लेकर काफी देर तक अफरातफरी रही।
रोजगार सेवक संघ के बैनर तले ब्लॉक क्षेत्र के रोजगार सेवक दोपहर में ब्लॉक मुख्यालय पर एकत्रित हो गए। उन्होंने करीब डेढ़ साल से मानदेय नहीं मिलने से हो रही परेशानियां उठाईं। कहा, होली नजदीक है, लेकिन अफसर मानदेय के मुद्दे पर सुनवाई नहीं कर रहे हैं। रोजगार सेवकों ने विभागीय अफसरों पर मनमानी का भी आरोप लगाया। इसके बाद गुस्साए रोजगार सेवक हंगामा करते हुए कार्यालय के गेट पर ही धरना देकर बैठ गए।
ब्लॉक कर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो गेट बंद करके तालाबंदी कर दी गई। ब्लॉक कर्मियों ने बीडीओ को रोजगार सेवकों के गुस्से से अवगत कराया। रोजगार सेवक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मानदेय अवमुक्त कराने के लिए वह जिला मुख्यालय पर अफसरों से भी मिल चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी कि होली तक मानदेय अवमुक्त नहीं हुआ तो वे लोग बीएलओ के कार्य बहिष्कार करेंगे। कार्यालय लिपिक को ज्ञापन देने के बाद रोजगार सेवकों ने ताला खोल दिया। प्रदर्शनकारियों में अरुण कुमार, देवेंद्र सिंह, दर्शनलाल, चंद्रपाल, राम वीरेश, सत्येंद्र पाल, मनोज कुमार, अनिल कुमार, कृष्ण गोपाल, वीरपाल और बृजमोहन आदि शामिल थे।
उझानी के रोजगार सेवकों के मानदेय के बारे में उन्होंने अफसरों से वार्ता की है। मार्च 2014 तक का भुगतान एक-दो दिन में करा दिया जाएगा। आगे का भुगतान कराने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-राजकुमार, बीडीओ।