जरीफनगर। बाइकों की टक्कर में थाने में तैनात एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा होमगार्ड व बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसा सोमवार शाम करीब आठ बजे थाने के सामने हुआ। होमगार्ड दावत खाकर बाइक से थाने लौट रहे थे। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भेजा है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदगंज गोबरा निवासी वीरेश यादव (45) जरीफनगर थाने में होमगार्ड थे। उनकी दहगवां चौराहे पर ड्यूटी थी। सोमवार को ड्यूटी के बाद वह अपने गांव के रहने वाले होमगार्ड हरवेश के साथ दावत खाने जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कूढ़ई बाइक से गए थे। देर शाम करीब आठ बजे दोनों थाने लौट रहे थे। जैसे ही बाइक थाने के सामने पहुंची सहसवान की ओर से आ रहे बाइक सवार प्रमोद पुत्र सोमपाल निवासी रसूलपुरा कला की बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। तीनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। थाना पुलिस ने तीनों को सीएचसी दहगवां पहुंचाया, जहां होमगार्ड वीरेश को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल प्रमोद की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल भेजा है। दूसरे होमगार्ड हरवेश का सीएचसी पर ही उपचार चल रहा है। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए।
होमगार्ड वीरेश का फाइल फोटो।