बदायूं/ बदायूं। सहसवान की मस्जिद में मिले मुंबई का युवक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से पूरा कस्बा सील है। यहां जिन पांच मोहल्लों में कोरोना संदिग्ध पाए गए हैं वहां सख्ती और बढ़ा दी गई है। इन पांचों मोहल्लों की गलियों के मुहाने पर बल्लियां लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इन मोहल्लों में रहने वाले 18 परिवारों के 80 लोगों को उनके घर में ही क्वारंटीन किया गया है। यहां रहने वाले लोगों को जरूरी चीजों की दिक्कत न हो इसलिए दूध, सब्जी, और राशन वालों के मोबाइल नंबर दे दिए गए हैं, जिन पर फोन करके जरूरी सामान मंगाया जा सकते हैं।
सोमवार को सहसवान की एक मस्जिद में मुंबई का एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद से सहसवान कस्बा पूरी तरह सील है और प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति को गंभीरता से लिया जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव मिले युवक या उससे जुड़े रहे लोगों के संपर्क में आने वाले एक-एक व्यक्ति को क्वारंटीन किया जा रहा है। गुरुवार रात तक 58 लोगों को सहसवान के पन्नालाल इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया गया था। शुक्रवार को 18 परिवारों के 80 लोगों को उनके घर में क्वारंटीन किया गया है। यह परिवार नगर के काजी मोहल्ला, मिर्जाटोला, सैफुल्लागंज, नसरुल्लागंज, मोहिद्दीनपुर में रहते हैं। इससे इन मोहल्लों को चारों ओर से सील किया गया है। यहां के लोगों को चेतावनी दी गई है कि अगर कोई बेवजह घर से निकलेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को सहसवान कस्बे के पांच मोहल्लों की गलियां को बल्लियां लगाकर बंद कर दिया गया है। इन मोहल्लों में रहने वाले 18 परिवारों के 80 लोगों को उनके घर में क्वारंटीन किया गया है। सभी को मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे जरूरत पर वह सामान मंगा सकें। - लालबहादुर सिंह, एसडीएम सहसवान