बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा ने आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। यह परीक्षा जिले के 15 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, इसमें तीनों दिन की छह पालियों में कुल 31,392 व प्रत्येक पाली में 5232 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को अपने दायित्वों का ठीक से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ और उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट 2025 के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। परीक्षा केंद्रों में स्ट्रांग रूम और कंट्रोल रूम अलग-अलग बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े इंतजाम
एसके इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संदीप भारती ने बताया कि अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति और आइरिस स्कैनिंग की जाएगी। यह कदम परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इन प्रतिबंधों का उद्देश्य किसी भी अनुचित साधन के प्रयोग को रोकना है।
-
अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
प्रधानाचार्य संदीप भारती ने केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशिक्षण दिया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहने के लिए कहा। बैठक में कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।