अवकाश के दिनों में की स्कूलों की साज-सज्जा
- फोटो : अमर उजाला
अवकाश खत्म स्कूल खुलने का इंतजार
बेसिक के विद्यालयों में अब लगभग सवा महीने बाद बच्चों की आमद होगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों ने खूब मौज मस्ती की है। इस दौरान जहां कुछ शिक्षकों ने सपरिवार विभिन्न स्थानों पर जाकर अवकाश का आनंद लिया, वहीं कुछ शिक्षकों ने इस अवकाश का सदुपयोग विद्यालयों की साज सज्जा में किया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय गंगपुर पुख्ता के शिक्षक प्रवीण कुमार ने प्रधान और खंड विकास अधिकारी से मिलकर अपने विद्यालय में मिट्टी का भराव डलवाया और विद्यालय संपर्क मार्ग को दुरुस्त करवाया। इसके साथ ही विद्यालय में पुट्टी कार्य शुरू करने की योजना बनाई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय असरासी के शिक्षक जुगल किशोर ने विद्यालय का रंग रोगन नए अंदाज में कराकर एक नई पहल की है। अब विद्यालय को देखकर एक नया अहसास हो रहा है। प्राथमिक विद्यालय निधानपुरा के अध्यापक परमवीर सिंह दीवला ने इस अवकाश का लाभ अपने विद्यालय में हरियाली लाकर किया। उन्होंने इस अवकाश में विभिन्न प्रजातियों के पौधों को अपने विद्यालय में लगा कर विद्यालय को नया रूप देने की कोशिश की है। इन शिक्षकों के अतिरिक्त अन्य शिक्षक भी समय-समय पर अपने विद्यालय की देखभाल करते रहेे। चूंकि अब ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने में कुछ दिन रह गए हैं। ऐसे में अध्यापकों में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। अवकाश के मध्य रोजाना देर से उठने वाले शिक्षक जल्दी जागने का प्रयास कर रहे हैं ताकि विद्यालय जाने में देर ना हो जाए। उन्होंने आसपास के लोगों से अपने बच्चों को विद्यालय भेजने का आह्वान करते हुए स्कूल चलो अभियान का संदेश भी दिया है। इस बीच फल वितरण की सूचना पर बच्चे भी प्रफुल्लित नजर आ रहे हैं। उन्हें भी विद्यालय खुलने का इंतजार है।