बदायूं। होलिका दहन वाले दिन बाजार में दिनभर लोगों ने खरीदारी की। सुबह से देर रात तक बाजार में लोगों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। यहां पिचकारी, रंगों से लेकर कपड़ों तक की खरीदारी की। पालिका द्वारा शहर में चौराहों और तिराहों पर रंगोली बनाई गई। साथ ही बच्चों ने लोगों के ऊपर रंग-गुलाल फेंका।
होली सोमवार को है। रविवार को त्योहार की पूर्व संध्या पर रंग-पिचकारी की दुकानों के साथ रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर खरीदार दिखाई पड़े। जरूरत की वस्तुओं की खरीदारी कर हर कोई घर पहुंचने की जल्दी में दिखाई दे रहा था। कचरी-पापड़, मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। कपड़ा बाजार की बात करें तो यहां हर वर्ग के लोगों के लिए विभिन्न प्रकार की वैरायटी मौजूद रहीं। लोगों ने जमकर कपड़ों की खरीदारी की। वहीं कॉस्मेटिक की दुकान पर महिलाओं ने भी शृंगार का सामान खरीदा।
जौ की बालियां और गन्ने की जमकर हुई बिक्री
होलिका दहन में जौ की बाली और गन्ने की भी अहम भूमिका रहती है। होलिका में जौ की बालियां चढ़ाई जाती हैं। शहर में अलग-अलग स्थानों पर ग्रामीण इलाकों से आए लोगों ने फुटपाथों पर ही गेहूं की बालियों की बिक्री की। कहीं पर 10 की तीन तो कहीं पर पांच बाली की बिक्री हुई।
बाजार में खूब बिके कचड़ी और पापड़
होली के कारण खाद्य सामग्री की दुकानों पर भी भीड़ दिखाई दी। इन दुकानों पर अलग-अलग तरह की दालमोठ, चिप्स, पापड़, मठरी आदि बिक रही थी। इसके अलावा मिठाइयों की दुकान पर भी भीड़ रही। वहां पर गुजिया की लोगों ने खरीदारी की।
शहर में रही जाम जैसी स्थिति
पुलिस ने त्योहार को ध्यान में रखते हुए बाजार में नो एंट्री जोन लागू कर दिया, लेकिन बाइक सवाराें, ठेले वालों की वजह से दिनभर शहर में जाम जैसी स्थिति बनी रही। कई जगहों पर इस जाम को खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।