बाइक रैली और वाहनों के काफिले से हुई अगवानी
सपा ने कभी जनता की मंशा को नकारा नहीं: धर्मेंद्र यादव
जिला पंचायत सदस्य कैप्टन अर्जुन प्रताप सिंह ने अपने आवास पर होली मिलन का आयोजन रखा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जनता की भावनाओं की कद्र हमेशा से सपा ने की है। उनकी पार्टी यहां कई बार हारी, लेकिन विकास में हमने कभी दातागंज क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया।
सांसद का यहां आने पर रास्ते में बाइक रैली और वाहनों के काफिलों के साथ अगवानी की गई। समारोह में जिले और आसपास के कई दिग्गज नेताओं ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की। सांसद ने यहां कहा कि पार्टी मुखिया का निर्णय अंतिम निर्णय होता है। इस बात का वह विश्वास दिलाते हैं कि जनता का रुख देखकर ही क्षेेत्र के टिकट का फैसला होगा। इस मौके पर शहर विधायक आबिद रजा ने कहा कि दातागंज कई चुनाव हारी सपा अब जीतने के लिए चुनाव लड़ेगी। आयोजक कैप्टन अर्जुन प्रताप सिंह ने कहा कि वह राजनीति में आए, तो पहली बार में ही उन्हें सफलता मिल गई। कैप्टन के तहेरे भाई ब्लाक प्रमुख सोनू यादव ने कहा कि कैप्टन को टिकट मिलता है, तो दातागंज और फरीदपुर सीटें सपा के खाते में ही जाएंगी। अगर, ऐसा नहीं होता है तो वह इस्तीफा दें देंगे। समारोह में मथुरा से जगदगुरू नागेश्वर नाथ भी पहुंचे।
इस मौके पर राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, पूर्व विधायक प्रदीप यादव, बरेली के नेता वीर पाल सिंह यादव, विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव, आस मोहम्मद, ओमेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
वृंदावन के कलाकारों संग फूलों की होली
दातागंज। होली मिलन समारोह को अत्याधिक आकर्षक बनाने के लिए कैप्टन अर्जुन सिंह ने वृंदावन से कलाकारों की टीम बुलाई। गीतों के साथ जब फूलों की होली खेली तो पूरा पंडाल ही झूम उठा। सांसद समेत सपा नेता फूलों की बौछार से आनंदित हो उठे।
प्रेमपाल के घर गए, सपा में शामिल हुए लोग
बदायूं। सांसद धर्मेंद्र यादव ने होली मिलन समारोह में भाग लेने पहुंचे, तो यहां के पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह ने भी उन्हें चाय पर आमंत्रित कर दिया। सांसद ने उनका भी सम्मान रखा और उनके आवास पर गए। यहां सांसद के समक्ष उपस्थित पूर्व चेयरमैन मो. ईशाक एडवोकेट, छिद्दा खां, डॉ. जफर खां, शफी आदि ने कांग्रेस छोड़ सपा में शामिल होने की घोषणा की। वहीं इंदु सक्सेना के नेतृत्व में दीपक सक्सेना, यासीन खां, तौफीक, सचिन रस्तोगी, फारुख खान, यामीन आदि सपा में शामिल हुए।