दोपहर बाद गंगाघाट पर पहुंचे डीएम और एसएसपी ने नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पा देवी लौनिया चौहान और उनके पति जगदीश सिंह से पूर्व की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की। नाव के जरिए उन्होंने गंगाघाट का अवलोकन भी किया। राजस्व कर्मियों को व्यवस्थाओं में सहयोग करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पिछली सोमवती अमावस्या पर दुघर्टना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। बता दें कि पिछली सोमवती अमावस्या पर अलग-अलग स्थानों पर हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी।
डीएम और एसएसपी ने गंगाघाट पर लाइटिंग की व्यवस्था शाम से करा देने और पार्किंग के लिए सड़क से हटकर स्थान चयन करने की सलाह दी। नावों पर प्राइवेट गोताखोर रहेंगे। पुलिस के साथ अतिरिक्त फोर्स और पीएसी को भी लगाया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि कासगंज वाले छोर पर पार्किंग की व्यवस्था सड़क से हटकर की गई है। स्नानगृहों की संख्या में वृद्धि की गई है।
ट्रेफिक पुलिस करेगी बेतरतीब रफ्तार पर कंट्रोल
उझानी। बरेली-मथुरा हाइवे स्थित कछला गंगाघाट पर यूं तो वाहनों की आवाजाही सर्वाधिक रहती है लेकिन स्नान पर्व की वजह से एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए। कहा कि रोडवेज बसों को छोड़कर भारी वाहनों को रोक-रोक कर पास कराया जाए। घाट के दोनों ओर पार्किंग स्थलों पर भी प्राइवेट वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़े नहीं होने दिया जाए।