म्याऊं, बिल्सी और उसावां में हुईं सभाओं में बोले प्रवीण तोगड़िया
उसावां/ म्याऊं। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि आज देश में हिंदू सुरक्षित नहीं है। इसलिए वह हिंदुओं को जगाने के लिए पूरे देश में घूम रहे है।
बृहस्पतिवार को बदायूं पहुंचे प्रवीण तोगड़िया ने उसावां और म्याऊ में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजौरी में एक ही परिवार के छह लोगों की हत्या, उदयपुर का कन्हैया, श्रद्धा के टुकड़े करके फेंक देना इसके बड़े उदाहरण हैं कि देश में अब हिंदू ही सुरक्षित नहीं रहा है। अब नहीं जागे तो अगला नंबर किसका हो सकता है।
बोले, दुनिया के इतिहास में एक ही घटना घटी कि मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई गई। बोले, यह भी दुनिया का एकमात्र उदाहरण है कि हिंदुओं ने वहां मस्जिद ढहाकर मंदिर बना दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का तो घर बन गया, लेकिन गरीब हिंदुओं का भी घर बनना चाहिए। हमने गरीब हिंदुओं के इलाज के लिए मुहिम शुरू की है। गरीब हिंदुओं को एक मुट्ठी अनाज पैकेट योजना के तहत अनाज का पैकेट देने का भी काम हमारा ही संगठन कर रहा है। बेटियों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर व जो गरीब हिंदू बीमारी से जूझ रहे हैं और अपना इलाज कराने का सामर्थ्य नहीं है, उनका इलाज करवाने के लिए डॉक्टरों की व्यवस्था मुफ्त की गई है। जो हिंदू अपने लिए केस लड़ने को एक वकील नहीं कर सकता है उसे मुफ्त वकील की भी व्यवस्था की गई है।
तोगड़िया ने हिंदुओं का आह्वान करते हुए कहा कि अखंड भारत बनाओ, विजयदशमी पर शस्त्र पूजन करो, त्रिशूल धारण करो, देश की रक्षा के लिए सेना व पुलिस में भर्ती हो और हर मंगलवार हनुमान चालीसा का पाठ करो। इससे पहले उनका दोनों जगहों पर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय बजरंग दल जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, विमल सक्सेना, शिवम वर्मा, मुनिराज, अभय प्रताप आदि मौजूद रहे।