दातागंज। गांव गाढ़ा निवासी एक छात्र के साथ महरोली स्थित एक निजी विद्यालय के प्रबंधतंत्र ने धोखेबाजी की। स्कूल प्रबंधन ने छात्र को हाईस्कूल की पढ़ाई तो पूरे साल कराई, लेकिन अब परीक्षा के समय उसे प्रवेशपत्र देने से मना कर दिया। छात्र ने एसडीएम से स्कूल प्रबंधन की शिकायत की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गाढ़ा निवासी अभिषेक ने एसडीएम दातागंज को दिए प्रार्थनापत्र में कहा है कि वह समरेर ब्लॉक के गांव महरोली स्थित एक प्राइवेट स्कूल में दसवीं का छात्र है। स्कूल प्रबंधन एक सप्ताह से उसे प्रवेश पत्र देने से टहला रहा है। उसने स्कूल के प्रधानाचार्य से भी बात की। इस पर प्रधानाचार्य ने बताया कि उसका पंजीकरण ही नहीं हुआ है, जबकि उसने कक्षा नौ की पढ़ाई इसी स्कूल से की है।
स्कूल प्रबंधन ने कक्षा नौ का प्रमाणपत्र मचलई स्थित दयानंद मंदिर इंटर कॉलेज का दिया था। आरोप है कि उसकी पूरे साल की पढ़ाई बेकार हो गई है। उसने पूरी साल की स्कूल में फीस भी जमा की हुई है। इसके बाद भी उसे हाईस्कूल परीक्षा का प्रवेशपत्र नहीं दिया जा रहा है। वह चाचा के साथ स्कूल गया। यहां उसने चाचा की प्रधानाचार्य से बात कराई, लेकिन प्रधानाचार्य ने चाचा के साथ गाली-गलौज कर भगा दिया। छात्र ने एसडीएम से स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।