बदायूं। जिला अस्पताल में पिछले करीब दो महीने से डिजिटल एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें बंद पड़ीं हैं, जिसकी वजह से रोजाना मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। इससे जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भारी दिक्कत हो रही है। तमाम मरीजों को प्राइवेट डॉक्टरों से अल्ट्रसाउंड या डिजिटल एक्स-रे कराना पड़ता है। सोमवार को आसपास के तमाम लोग अपना एक्सरे तथा अल्ट्रासाउंड कराने अस्पताल पहुंचे, जिन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन बंद पड़े करीब दो माह से ज्यादा होने जा रहे हैं। इससे पहले भी व्यवस्था ठीक नहीं थी। डॉक्टर के जब मन में आता था, तब डॉक्टर अल्ट्रासाउंड करते थे। वरना मरीज बाहर गैलरी में बैठकर डॉक्टर के आने का इंतजार करते रहते थे। यही हाल डिजिटल एक्स-रे मशीन का है, जो काफी दिनों से बंद पड़ी है। वहां न डिजिटल एक्स-रे किए जा रहे, और न ही डॉक्टर एक्स-रे लिख रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें बताया गया कि मशीन इस समय खराब पड़ी है। इससे मरीजों को सादा एक्स-रे कराना पड़ रहा है या फिर उन्हें किसी प्राइवेट सेंटर पर भागना पड़ रहा है।
चुनिंदा चिकित्सकों के इशारे पर चलती है डिजिटल एक्स-रे मशीन
जिला अस्पताल में लगी डिजिटल एक्स-रे मशीन जनता के लिए तो बंद है, लेकिन अधिकारी इसे चालू बता रहे हैं। अस्पताल में एक बात ये भी निकलकर सामने आई है कि एक्स-रे मशीन चुनिंदा चिकित्सकों के इशारे पर चलती है। उनके लिखने पर ही एक्स-रे होता है। अन्यथा डिजिटल एक्स-रे मशीन बंद पड़ी रहती है।
साठगांठ से किए जाते हैं एक्स-रे
जिला अस्पताल के एक्स-रे रूप में इस समय बड़ा खेल चल रहा है। दूर दराज से आने वालों को चूना लगा दिया जाता है। पहले उन्हें बताया जाता है कि उनका नंबर निकल गया। बाद में उनसे ले देकर एक्स-रे किया जाता है। तुरंत एक्स-रे देने पर अलग रुपये लिए जाते हैं। अगर मरीज लेट हो जाए तो इन कर्मचारियों के बारे न्यारे हैं। उससे और ज्यादा पैसे लिए जाते हैं।
सोमवार को हम अपनी मां को दिखाने आए थे। डिजिटल एक्स-रे भी कराना था, लेकिन अंदर बता दिया कि एक्स-रे नहीं हो रहे हैं। सादा कराना हो तो करा लो। इससे हम लौट आए। अब हमें नहीं पता कि मशीन सही है या खराब है। हमसे तो मना ही कर दिया गया था। - मोहर सिंह, गुराई
जिला अस्पताल में हमें अपना अल्ट्रासाउंड कराना था। कुछ दिन पहले आए थे। तब भी बताया था कि अल्ट्रासाउंड मशीन बंद है। सोमवार को भी अल्ट्रासाउंड बंद बताया। इससे अब किसी प्राइवेट अस्पताल में जाकर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ेगा। - रवेंद्र, दहेमी
यह सही है कि अल्ट्रासाउंड मशीन बंद पड़ी है। दरअसल अस्पताल में जो चिकित्सक अल्ट्रासाउंड कर रहे थे, वह रिटायर हो गए हैं। उनकी जगह कोई नया चिकित्सक नहीं आया है। डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब नहीं है। उससे जरूरी एक्स-रे कराये जाते हैं। - डॉ. विजय बहादुर राम, सीएमएस जिला अस्पताल