बिनावर (बदायूं)। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में फैले बुखार की चपेट में आने से एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग बीमार पड़े हैं। इससे गांव के लोगों में बुखार की दहशत का माहौल है। लोगों ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर सूचना दे दी है, फिर भी टीम गांव तक नहीं पहुंची है।
ग्राम अमृतपुर निवासी मिहीलाल (30) पुत्र नन्दराम को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिवार वाले उनका प्राइवेट चिकित्सक से इलाज करा रहे थे। शनिवार रात मिहीलाल की बुखार से मौत हो गई। जिससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। उनके अलावा अमृतपुर में दर्जनों लोग बुखार से तड़प रहे हैं। वहीं टिटौली निवासी लवकुश की तीन वर्षीय बेटी मधु को कई दिन से बुखार आ रहा था। शनिवार रात मधु ने भी दम तोड़ दिया। इधर, तकीपुर निवासी जलधारा (37) पत्नी विजेंद्र को शनिवार रात अचानक तेज बुखार आया था। इससे परिवार वाले उसे एक झोलाछाप के यहां विजयनगला ले गए। रविवार को भी उसका इलाज चला, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उसके बाद जलधारा ने भी दम तोड़ दिया। इलाके में 24 घंटे के अंदर तीन लोगों की मौत होने से बुखार की दहशत फैल गई है। ग्राम तकीपुर के प्रधान मुनेंद्र सिंह ने बताया कि उनके गांव में दर्जनों लोग बीमार हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दे दी है। परंतु अब तक कोई गांव नहीं आया है। लोग जहां-तहां अपना इलाज करा रहे हैं।