बदायूं। नीलकंठ महादेव-जामा मस्जिद मामले में अगली सुनवाई अब पांच अगस्त को होगी। मस्जिद पक्ष की ओर से बुधवार को इंतजामिया कमेटी के वकील अनवर आलम ने बहस की जो आगे भी जारी रहेगी। साथ ही न्यायालय ने पांच अगस्त को सुनवाई की अगली तिथि तय कर दी है।
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश पटेल की ओर से सिविल जज सीनियर डिविजन की अदालत में याचिका दायर की गई थी। इसमें जामा मस्जिद शम्सी की जगह नीलकंठ महादेव मंदिर होने का दावा किया है। सिविल जज सीनियर डिविजन एफटीसी के न्यायाधीश मनीष कुमार की अदालत में मामला चल रहा है। सरकार की तरफ से पैरवी कर रहे अधिवक्ता संजीव वैश्य ने अपनी बहस पूरी की। इसमें मस्जिद पक्ष की तरफ से बहस शुरू हो चुकी है। मस्जिद पक्ष की बहस के बाद वादी पक्ष फिर बहस करेगा। अब इस बात पर सुनवाई होनी है कि वाद चलेगा या नहीं। इसी मामले में पांच अगस्त को सुनवाई होगी। संवाद