बदायूं। नीलकंठ महादेव-जामा मस्जिद मामले में सुनवाई अब सोमवार 15 अप्रैल को होगी। पिछली सुनवाई पर दोनों ओर की बहस सुनने के बाद कोर्ट ने 9 अप्रैल की तारीख लगाई थी। यहां बता दें कि मंगलवार को सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश पटेल की ओर से सिविल जज सीनियर डिविजन की अदालत में याचिका दायर की गई थी। याचिका में जामा मस्जिद शम्सी की जगह नीलकंठ महादेव मंदिर होने का दावा किया गया है। यह मामला सिविल जज सीनियर डिवीजन, एफटीसी कोर्ट मनीष कुमार तृतीय की कोर्ट में विचाराधीन है। इसमें नीलकंठ महादेव पक्ष की ओर से वादी पक्ष के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता वेदप्रकाश साहू ने बताया कि पिछली सुनवाई पर सर्वे कमीशन के आवेदन पर ऑर्डर के लिए बहस की गई थी। जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के अधिवक्ता असरार अहमद ने बताया कि पिछली सुनवाई पर उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि पहले यह तय होना चाहिए कि यह मामला चलने योग्य है या नहीं। इस पर ऑर्डर हो। संवाद