बदायूं। जिला अस्पताल में इंट्रीग्रेटिड पब्लिक हेल्थ पैथोलॉजी लैब का रास्ता साफ हो गया है। लैब स्थापना के लिए शासन ने 1.50 करोड़ का बजट भी जारी कर दिया है। कार्यदायी संस्था तय होने के साथ लैब स्थापना के लिए जल्द काम शुरू करने की तैयारी है। उम्मीद है कि अगले वर्ष के अंत तक यह आधुनिक लैब सेवाएं देने लगेगी।
इस लैब की स्थापना आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से होगी। लैब में सभी प्रकार के संचारी और गैरसंचारी रोगों से जुड़ी हर जांच 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इंट्रीग्रेटिड पैथोलॉजी लैब में सभी कार्यक्रमों से जुड़े लैब टेक्नीशियन एक ही जगह काम करेंगे। लैब शुरू होने के बाद टीबी, मलेरिया, एड्स समेत अन्य जांचों के लिए रोगियों को भटकना नहीं पड़ेगा। पांच हजार वर्ग फुट में स्थापित होने वाली इस आधुनिक लैब में 90 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें हो सकेंगी। रोगियों को अलग-अलग जांचों के लिए अलग-अलग लैब में जाने की जरूरत नहीं होगी।
पहले चरण में प्रदेश के 50 जिलों में इस तरह की आधुनिक पैथोलॉजी लैब की स्थापना की जा रही है। इनमें बदायूं भी शामिल है। यहां जल्द काम शुरू हो जाएगा।
जिला अस्पताल में अभी जांचें तो कई प्रकार की होती है, लेकिन इनकी लैब अलग-अलग हैं और सैंपल भी अलग-अलग लिए जाते हैं लेकिन इंट्रीग्रेटिड लैब शुरू होने के बाद सभी जांचें एक ही स्थान पर हो सकेंगी। इतना ही नहीं रोगी की जांच रिपोर्ट ऑनलाइन रहेगी, जिसे एक क्लिक में किसी भी सरकारी अस्पताल का डॉक्टर देख सकेगा। जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 250 रोगियों की पैथोलॉजी लांच होती हैं। एकीकृत लैब न होने के कारण रोगियों को भटकना होता है।
----------
ये मिलेंगी सुविधाएं
अब तक जिला अस्पताल में सभी प्रकार की जांच नहीं हो पातीं। इंट्रीग्रेटिड लैब शुरू होने के बाद एक ही लैब में सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लैब टेक्नीशियन काम करेंगे। इस लैब में 11 लैब टेक्नीशियन, एक माइक्रो बायोलॉजिस्ट, एक बायोकेमिस्ट, एक पैथोलॉजिस्ट की तैनाती की जाएगी। इस पैथोलॉजी लैब में सामान्य जांचों के साथ ही डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रबटाइफस, मलेरिया, एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम, कालाजार, डायरिया, टीबी, एचआईवी समेत सभी संचारी रोगों से जुड़ी जरूरी जांचों के साथ ही कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, गुर्दा, मोतियाबिंद, अल्जाइमर समेत सभी गैर संचारी रोगों की पैथोलॉजी जांचें हो सकेंगी।
-
जिला अस्पताल में इंट्रीग्रेटिड पब्लिक हेल्थ पैथोलॉजी लैब की स्थापना के लिए शासन स्तर से बजट जारी होने के साथ कार्यदायी संस्था भी तय कर दी गई है। जल्द भवन निर्माण शुरू हो जाएगा। नई लैब बनने के बाद एक ही लैब में सभी प्रकार की पैथोलॉजी जांच हो सकेंगी। लैब में संचारी और गैर संचारी बीमारियों की 90 से ज्यादा जांचों की सुविधा मिलेगी। सभी जांच रिपोर्ट ऑनलाइन भी रहेंगी।
-डॉ. विजय बहादुर राम, सीएमएस