बदायूं। बुधवार को करीब तीन माह के बाद एक दिन में जिले में कोरोना के सात मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। जो सात नए संक्रमित मिले हैं उनमें छह ऐसे हैं जिनके सैंपल की जांच ग्रेटर नोएडा के जीआईएमएस में हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों से मंगलवार को 2083 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें 1087 लोगों की आरटीपीसीआर और 996 की एंटीजन जांच कराई गई। बुधवार को जांच रिपोर्ट आने पर सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। नए मिले रोगियों में पुलिस लाइन, सैदपुर, फैजगंज बेहटा, म्याऊं, और जगत के गांव मोहम्मदनगर सुलरा के हैं। कांट्रेक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि इनमें छह लोगों की जांच ग्रेटर नोएडा के जीआईएमएस (गवर्मेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) में हुई है। पांच रोगियों के संपर्क में आने वालों को ट्रेस कर लिया गया है। सभी संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 15 हो गई है।