मालिन गौटिया में ग्रामीणों को बचाव के उपाय बताते डॉ. फिरासत हुसैन। संवाद
- फोटो : BADAUN
सैदपुर (बदायूं)। वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र के गांव रहेड़िया निवासी लोग इस समय दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। अब तक मजरा नवाबपुरा में पीलिया के नौ मरीज मिल चुके हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम दूसरे मजरा मालिन गौटिया पहुंची। यहां टीम ने 24 लोगों के खून का सैंपल लिया। घर-घर जाकर क्लोरीन की गोलियां बांटी गईं।
सैदपुर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. फिरासत हुसैन शनिवार को अपनी टीम के साथ ग्राम पंचायत रहेडिया के मजरा मालिन गौटिया पहुंचे। यहां उन्होंने स्वास्थ्य शिविर लगाया। उसमें करीब 80 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा करीब 24 लोगों के खून के सैंपल लिए गए। बाद में टीम ने घर-घर जाकर क्लोरीन की गोलियां वितरित की। इस दौरान डॉ. फिरासत हुसैन ने ग्रामीणों को बताया कि वह जिन नलों से पीला पानी आ रहा है उसे न पिएं। सभी ग्रामीण पानी उबालकर पिएं। करीब 20 लीटर पानी में क्लोरीन की एक गोली डालें। तब पानी पिएं। इससे ग्रामीण बीमारी के शिकार नहीं होंगे। इस दौरान डॉ.राजीव कुमार, रूपेश कुमार, एलटी अजय कुमार और सावित्री देवी मौजूद रहीं।
-
गांव नहीं पहुंची जल निगम की टीम
जल निगम की टीम ने भले ही नवाबपुरा पहुंचकर पानी की जांच की थी लेकिन टीम जब से मालिन गौटिया में भी पीला पानी निकलने की बात सामने आई है तब से वहां नहीं पहुंची है और न ही यहां के नलों के पानी का सैंपल लिया गया है।
-
जिला अस्पताल से लौटे नवाबपुरा के मरीज
वजीरगंज क्षेत्र में पीलिया के शिकार नवाबपुरा के ग्रामीण स्वास्थ्य विभाग से संतुष्ट नहीं हैं। गांव में निकले नौ लोग पीलिया के मरीज शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्हें बताया गया था कि उन्हें ले जाने के लिए एंबुलेंस आएगी। एंबुलेंस नहीं आई। सभी ग्रामीण निजी वाहन से अस्पताल पहुंचे। इसके बावजूद उन्हें दवा नहीं दी गई है।