बदायूं। जिले में शनिवार को भी अलग-अलग स्थानों पर मलेरिया के 13 रोगी मिले। इनमें चार लोगों को फैल्सीपेरम मलेरिया की पुष्टि हुई है। हालांकि, शनिवार को देर शाम तक डेंगू का कोई नया मामला सामने नहीं आया था।
शनिवार को स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग की ओर से जिले में अलग-अलग 18 स्थानों पर कैंप लगाकर 1012 लोगों की जांच की गई। जांच में नौ लोगों को मलेरिया और चार को फैल्सीपेरम की पुष्टि हुई। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। इसके साथ ही जिले में मलेरिया के 93, फैल्सीपेरम के सात और डेंगू के सक्रिय रोगियों की संख्या नौ हो गई है। शनिवार को मलेरिया विभाग की ओर से मलेरिया प्रभावित 28 गांवों में डीडीटी के घोल का छिड़काव कराने के साथ जिले में 39 टीमों ने अभियान चलाकर मच्छरों का लार्वा नष्ट करने का काम किया। डेंगू जैसे लक्षण वाले सात लोगों की एलाइजा जांच की गई। मलेरिया निरीक्षक तनवीर सिंह ने बताया कि हालात सामान्य हैं। किसी रोगी की हालत गंभीर नहीं है। संवाद