बदायूं/गुलड़िया। तमाम कोशिशों के बाद भी जिले में संक्रामक बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को भी जगत ब्लॉक की एक महिला की बुखार से मौत हो गई, वहीं कादरचौक ब्लॉक के एक गांव के किशोर में डेंगू के लक्षण मिले हैं।
ब्लॉक जगत के गांव किसरुआ निवासी हमीर सिंह की 45 वर्षीय पत्नी शांति देवी को कई दिन से बुखार आ रहा था। हालत ज्यादा बिगड़ने पर शांति देवी को परिवार वालों ने जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया। यहां से उनको बरेली रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सोमवार को शांति देवी की बरेली के एक अस्पताल में मौत हो गई। इधर, कादरचौक ब्लॉक के गांव ललुआ नगला के 15 वर्षीय विजेंद्र पुत्र नरेशपाल को निजी डॉक्टर ने डेंगू की पुष्टि की है। विजेंद्र को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिवार वालों ने निजी डॉक्टर के यहां जांच कराई। प्लेटलेट्स काफी कम पाए गए। सोमवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्यूरो