बदायूं। ब्लाक जगत के कई गांव संचारी रोगों से अधिक प्रभावित होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए डॉक्टरों, वरिष्ठ अधिकारियों, निकायों के ईओ की टीम बनाकर छह-छह गांवों में रविवार को जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बुखार से पीड़ित सभी मरीजों का किट से ब्लड टेस्ट अवश्य किया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में डीएम दिनेश कुमार सिंह ने विशेष तृतीय संचारी रोग नियंत्रण अभियान तहत प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रविवार की भांति सोमवार को भी यहीं टीमें दूसरे गांवों में जाकर सफाई व्यवस्था के साथ एंटी लारवा का छिड़काव, फॉगिंग आदि की व्यवस्था कराएंगी। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोगी कल्याण समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित कराई जाएं। डीएम ने निर्देश दिए है कि कोई भी व्यक्ति किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होता है, तो उसके बारे में बिना छुपाए तुरंत बताएं। जिससे शासन को उसके बारे में बताया जा सके। सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने डीएम को अवगत कराया कि दवाएं व टेस्ट किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। इस मौके पर सीडीओ निशा अनंत, एडीएम राम निवास शर्मा मौजूद रहे।