फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुखार के प्रकोप से ग्राम प्रधान समेत पांच की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। बीते वर्ष की तरह जिले में बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। इसकी चपेट में जगत, सालारपुर और दहगवां ब्लॉक क्षेत्र आ चुके हैं। दर्जनों गांव में लोग बुखार से तप रहे हैं। शनिवार को बुखार की चपेट में आने से ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक मासूम समेत दो लोगों को बरेली रेफर किया गया है। उनकी भी हालत चिंताजनक है।
विज्ञापन

मूसाझाग। जगत ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम जगुआसेई निवासी ग्राम प्रधान रामकुमार (50) पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें बुखार आया था। जिसका परिवार वाले इलाज भी करा रहे थे। रविवार शाम करीब पांच बजे अचानक ग्राम प्रधान की ज्यादा हालत बिगड़ गई। इस पर परिवार वाले उन्हें शहर लेकर जा रहे थे कि तभी रास्ते में ग्राम प्रधान की मौत हो गई। इधर, जगत ब्लॉक क्षेत्र के ही उनौला गांव में प्रधानपति भोजराज सिंह के भाई किशन सिंह यादव (50) को कई दिन से बुखार आ रहा था। प्राइवेट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। देर शाम उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
जरीफनगर। दहगवां ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम वडौली सागरपुर निवासी सुषमा (28) पत्नी भूशंकर को तीन-चार दिन पहले बुखार आया था। इसके साथ ही उन्हें उल्टी दस्त शुरू हुए थे। इस पर परिवार वाले महिला को उघैती में एक डॉक्टर के पास ले गए। कोई सुधार नहीं होने पर परिवार वाले उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां महिला की मौत हो गई।
विज्ञापन

बिनावर। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम विजयनगला निवासी राजेश (30) पुत्र रमेश को तीन-चार दिन पहले बुखार आया था। अब तक परिवार वाले उसका बदायूं अस्पताल में इलाज करा रहे थे। रविवार शाम उसकी ज्यादा हालत बिगड़ गई। इस पर परिवार वाले उसे बरेली ले जा रहे थे, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल में बरेली की महिला की मौत
बदायूं। बरेली जिले में आंवला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मनौने निवासी मिस्कीन (48) पत्नी आलेहसन को पिछले कई दिन से बुखार आ रहा था। रविवार सुबह परिवार वाले मिस्कीन को नजदीकी में स्थित बदायूं के जिला अस्पताल लेकर आए थे। जहां रविवार दोपहर मिस्कीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार वाले शव को अपने गांव ले गए हैं।
बुखार बढ़ा, झोलाछापों के बारे-न्यारे
बदायूं। जिले में जिस तरह बुखार अपना असर दिखा रहा है। उसी तरह झोलाछापों के भी बारे-न्यारे हैं। स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद झोलाछाप अपने क्लीनिक खोले बैठे हैं। लगातार लोगों का इलाज भी कर रहे हैं लेकिन अभी तक किसी की दुकान बंद नहीं हुई है। जिन झोलाछापों की दुकान बंद करा दी गई है। उन्होंने लोगों के घर-घर जाकर इलाज शुरू कर दिया है।
ये बरेली रेफर
बदायूं। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम खासपुर निवासी गुड्डू के तीन वर्षीय बेटे शहनवाज को कई दिन से बुखार आ रहा था। रविवार दोपहर गुड्डू की पत्नी शवनम शहनवाज को बेहोशी की अवस्था में जिला अस्पताल ले गई जहां से डॉक्टर ने उसे तुरंत बरेली रेफर कर दिया। वहीं अलापुर क्षेत्र के ग्राम भदरौलिया निवासी चंद्रभान (46) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। चंद्रभान को शनिवार रात बुखार आया था। रविवार सुबह बुखार उसके दिमाग पर चढ़ गया, जिससे उसके हाथपैर अकड़ गए। चंद्रभान को भी बरेली रेफर किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें