सीडीओ ने चुनाव की तैयारियों पर की चर्चा
मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी कार्मिक अच्छे लाल सिंह यादव ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्धारित प्रारूपों पर सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने अधिकारियों, कर्मचारियों का डेटा तैयार कर सुरक्षित रखें। आयोग से निर्देश प्राप्त होते ही डाटा ऑनलाइन फीड कराया जाएगा।
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2017 में अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को निर्धारित प्रपत्रों पर विवरण तैयार करने एवं उसको ऑनलाइन फीड कराने के संबंध में शनिवार को विकास भवन स्थित सभाकक्ष में सीडीओ ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, बैंकों के जिला समन्वयकों के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग की मंशा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यालय में कोई भी अधिकारी, कर्मचारी ऐसा न रहे, जिसका डेटा ऑनलाइन फीड न कराया गया हो। फीडिंग के पश्चात जिला कोषागार से मिलान कराया जाएगा। विवरण सही होने पर ही आगामी माह का वेतन आहरित हो सकेगा।
उन्होंने बताया चुनाव आयोग द्वारा कार्मिकों की ऑनलाइन ड्यूटी लगने के बाद यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी उनके पास ड्यूटी कटवाने के लिए पहुंचेगा, तो वह सरकारी नौकरी के लिए अक्षम्य माना जाएगा, जिसकी रिपोर्ट विभागीय उच्च अधिकारियों को भी भेजी जाएगी। बीमारी की स्थिति में सीएमओ की अध्यक्षता में गठित मेडकिल कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही किसी अधिकारी, कर्मचारी की ड्यूटी जिला निर्वाचन अधिकारी की स्वीकृति के उपरांत काटी जा सकेगी।