बदायूं। स्थानीय साहित्यिक संस्था गुलजार-ए-सुखन की ओर से मोहल्ला सोथा में मासिक तरही मुशायरे का आयोजन किया गया। अध्यक्षता वरिष्ठ कवि महेश मित्र ने की। पदाधिकारियों ने अध्यक्ष को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। मुशायरे में मिसरा-ए-तरह था दोस्ती का अलग मजा होगा। इस पर शायरों ने अपने-अपने अंदाज में बेहतरीन कलाम पेश किए।
महेश मित्र ने पढ़ा- दोस्त सब जब भी मिल के बैठेंगे, दोस्ती का अलग मजा होगा। युवा शायर उज्ज्वल वशिष्ठ ने कहा- दोस्ती का अलग मजा होगा, कृष्ण जैसा अगर सखा होगा। संचालक की भूमिका अदा कर रहे अरशद रसूल ने कहा- ऐब सब में उसे नहीं दिखते, अपने अंदर जो झांकता होगा। समर बदायूंनी ने सुनाया- रंग परवाज उसकी लाएगी, जिस परिंदे में हौसला होगा। सुरेंद्र नाज ने अलग अंदाज में सुनाया- कोई यूं ही नहीं खफा होगा, सागर-ए जब्त भर गया होगा। डॉ. दानिश बदायूंनी ने पढ़ा- उससे उम्मीद और वफाओं की, है वो किसका जो आपका होगा। इसके अलावा सादिक अलापुरी,अय्यूब बदायूंनी, कुमार आशीष,आजम फरशोरी ने भी तरह पर अपनी-अपनी शायरी पेश की। संवाद