बदायूं। मुजरिया के कौल्हाई गांव में राजेंद्र पाल के प्लॉट की रकम पर अनुज की नजर थी। प्लॉट बेचने और रविवार को बयाने की रकम आने की चर्चा के बाद अनुज अपने साथियों के साथ तीन-चार दिन से राजेंद्र के घर और दुकान के आसपास चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि रविवार रात बयाने की रकम मिलने की जानकारी होने पर आरोपी दुकान पर पहुंचे और गल्ले से करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद राजेंद्र को दुकान से खींचकर पिटाई की। बेटे को बचाने आई उसकी मां लज्जावती को आरोपियों ने कार से कुचल दिया।
राजेंद्र पाल का कहना है कि उसके खेत से प्लॉट बेचने की बातचीत चल रही थी। रविवार को प्लॉट के बयाने की रकम 50 हजार रुपये मिली थी। इसी के बाद अनुज और उसके साथियों की उसके घर-दुकान के आसपास सक्रियता बढ़ गई थी। रविवार रात आरोपी चार पहिया वाहन से दुकान पर पहुंचे थे। इसी बीच राजेंद्र की आरोपियों के साथ मारपीट हुई और जब उसकी मां बचाने के लिए आईं तो कार से कुचलकर मार डाला।
वहीं, सोमवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने मुजरिया थाने के पास बदायूं-मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू पांच थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम सहसवान शौर्य अरोड़ा और सीओ ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम खोला।
आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने और गिरफ्तारी की मांग
लज्जावती की बेटी प्रीति के साथ परिवार की महिलाएं शव के गांव पहुंचने से पहले मुजरिया थाने के पास बदायूं-मेरठ हाईवे पर दोपहर करीब 2 बजे सड़क पर बैठ गईं। प्रीति ने कहा कि उनकी मां को कार से कुचलकर मारा है और उनके भाई राजेंद्रपाल के सिर में गंभीर चोट आने की वजह से नौ टांके भी आए हैं। उन्होंने पुलिस से मांग उठाई कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। तभी उनकी मां को न्याय मिल पाएगा। आरोप लगाया कि उनकी मां की हत्या के इतने समय बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
राजेंद्र पाल और आरोपियों के बीच पहले दिल्ली एनसीआर में ऑटो चलाने के चलते झगड़ा हुआ था। इसको लेकर भी जांच की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डा. हृदेश कठेरिया, एसपी ग्रामीण