बिल्सी। बेटे के लिए लड़की देख उसकी गोद भरने के लिए परिवार के लोग बड़ी खुशी के साथ घर से निकले थे। लेकिन, चंद मिनट बाद हादसा हुआ तो खुशियों पर ग्रहण लग गया। परिवार में तीत्कार मच गई। वहीं जिस टैंकर की टक्कर से यह हादसा हुआ उसके चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया है। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिस समय बाइक सवार दो भाई हादसे का शिकार हुए उसी दौरान पीछे से आ रहे परिवार के लोगों की आंखों के सामने ही हादसा हुआ। बेटों को खून से लथपथ सड़क पर पड़ा देख मां कृष्णा देवी व अन्य परिजनों में चीत्कार मच गई। मां बार-बार बेटों को गले से लगाती और बिलख पड़ती। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और वह भी घटनास्थल पर ही बेहोश हो गई।
पुलिस अपने वाहन से ही उनको भी सीएचसी ले गई और भर्ती कराया। उधर, परिजनों व रिश्तेदारों ने कैंटर के आगे कार लगाकर रोक लिया और उसके चालक को उतार कर पीटना शुरू कर दिया। वहीं परिवार के लोग गोद भराई की जगह अस्पताल जा पहुंचे। परिजनों को पता लगा कि छोटे बेटे की मौत हो गई तो होश उड़ गए। कुछ लोग घायल बेटे राजेश को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
घर की महिलाओं की चीत्कार और परिजनों का करुण क्रंदन सुनकर माहौल गमगीन हो उठा। यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि रफ्तार और लापरवाही की कीमत का दर्दनाक उदाहरण है। एक पल की असावधानी ने दो जिंदगियां छीन लीं और एक परिवार की खुशियां सदा के लिए उजाड़ दी। इंस्पेक्टर बिल्सी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे के बाद मारपीट में टैंकर चालक भी घायल हो गया था। उसका पुलिस अभिरक्षा में उपचार कराया जा रहा है। टैंकर को थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।