उझानी। नगर के मोहल्ला किला खेड़ा में रविवार शाम युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिवार वालों का आरोप है कि तीन दिन पहले वह बिल्सी के गांव बीबीपुर स्थित अपनी ससुराल पत्नी को बुलाने गया था। वहां ससुरालियों ने उसके साथ अभद्रता की। इससे क्षुब्ध होकर उसने खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
उझानी के मोहल्ला किला खेड़ा निवासी 45 वर्षीय श्याम सुंदर शर्मा पुत्र रामजी लाल शर्मा की ससुराल बिल्सी के गांव बीबीपुर में है। श्याम सुंदर की चार संतान हैं। पिछले दिनों उनकी पत्नी राधा दो बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। दो बच्चे खुशबू और प्रयांशु श्याम सुंदर के पास ही थे। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे परिवार के लोगों ने देखा की श्याम सुंदर ने कमरे में अंदर जाने के बाद दरवाजा बंद कर लिया। वह काफी देर तक बाहर नहीं आया। इस पर परिवार वालों ने खिड़की से झांक कर देखा। कमरे की छत के कुंडे से पत्नी की साड़ी के सहारे श्याम सुंदर का शव लटका था। इन लोगों ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ने के बाद शव बाहर निकाला। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। मृतक के पिता रामजी लाल शर्मा का आरोप है कि तीन दिन पहले श्याम सुंदर पत्नी को बुलाने ससुराल गया था। पत्नी ने आने से इंकार कर दिया। यहां ससुराल वालों ने उसके साथ अभद्रता भी की। इससे वह परेशान था। इसी के चलते खुदकुशी की है। हालांकि, अभी रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर नहीं दी गई है।