अंबेडकर प्राथमिक विद्यालय के रिकार्ड रूम में शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में लगी आग से छात्रवृत्ति के अभिलेख और बच्चों की ड्रेस जलकर राख हो गई। सूचना के बाद नगर शिक्षाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रधानाध्यापिका ने अज्ञात के खिलाफ आग लगाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
किलाखेड़ा मोहल्ला स्थित अंबेडकर प्राथमिक विद्यालय के रिकार्ड रूम में आग की भनक तब लगी जब प्रधानाध्यापिका जयंती शर्मा स्कूल पहुंचीं। उनका आरोप है कि अज्ञात लोगों ने रिकार्ड रूम में आग लगाने से पहले उसके दरवाजे का ताला भी तोड़ डाला। प्रधानाध्यापिका की सूचना के बाद नगर शिक्षाधिकारी लालबाबू द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल के शिक्षकों से भी जानकारी हासिल की।
आग से नुकसान के बारे में प्रधानाध्यापिका ने बताया कि ज्यादातर अभिलेख और बच्चों की ड्रेस जलकर राख हो गई है। आग की भेंट चढ़े अभिलेखों में छात्रवृत्ति के रजिस्टर और स्टाफ की उपस्थिति पंजिका भी शामिल है। वार्ड मेंबर सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने स्कूल पहुंच कर हालात पर गौर किया। इधर, प्रधानाध्यापिका ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है।
कुछ तो है जो बच गई दूसरी सेफ
उझानी। प्राथमिक विद्यालय के रिकार्ड रूम में आग ने एक सवाल तो खड़ा कर दिया कि बराबर रखीं दो सेफ में से एक को ही नुकसान क्यों हुआ। जबकि छात्रवृत्ति का पूरा रिकार्ड आग की भेंट चढ़ गया। दूसरी सेफ में एसआर रजिस्टर के अलावा कुछ और नहीं है। एक ही रूम में आग से एक सेफ में नुकसान दूसरी सुरक्षित मिलने से लोग तमाम तरह की चर्चा करने लगे हैं।