बदायूं। डीएम निधि श्रीवास्तव ने बुधवार को कोषागार में पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए डबल लॉक स्ट्रांग रूम का औचक निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा 23, 24, 25 और 30 व 31 अगस्त को होगी। इसके लिए जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी।
डीएम ने कहा कि पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए डबल लॉक स्ट्रांग रूम बनाया गया है। परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर त्रिस्तरीय चेकिंग व्यवस्था होगी। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थित ली जाएगी। सभी 16 परीक्षा केंद्रों पर 5,736 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
इन पर रहेगा प्रतिबंध
-परीक्षा केंद्र पर कोई भी मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, स्मार्टफोन, कैलकुलेटर आदि नहीं ले जा सकते हैं। वहां पर केवल परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक के पास ही मोबाइल हो सकता है। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 16 स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षार्थी का दो ऑथराइजेशन के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश होगा।
ये बने हैं परीक्षा केंद्र
-अपर जिलाधिकारी प्रशासन रेनू सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में गिंदो देवी महाविद्यालय, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, लाल छोटेलाल राधेश्याम नवयुवक इंटर कॉलेज, एमएस दास डिग्री कॉलेज, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय, सिंगलर गर्ल्स इंटर कॉलेज, हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक, श्री कृष्णा इंटर कॉलेज व महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज उझानी शामिल हैं। संवाद