उसावां/उसहैत। अटेना घाट पर अपने दादा के अंतिम संस्कार में आया 18 वर्षीय नाती अमकेश्वर गंगा के तेज बहाव में बह गया। यह देखकर कई गोताखोर आ गए। उन्होंने युवक की तलाश शुरू कर दी। दोपहर बाद तक तलाश चलती रही, लेकिन अमकेश्वर का कुछ पता नहीं चल सका।
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के गांव बाराकलां निवासी लुटई शाक्य का शुक्रवार शाम अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। परिवार और गांव के तमाम लोग उनका अंतिम संस्कार करने अटेना गंगा घाट आए थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकतर लोग स्नान करने लगे। इसी दौरान लुटई शाक्य का नाती अमकेश्वर पुत्र पप्पू शाक्य गंगा के तेज बहाव में बह गया। उसे देखकर लोगों ने शोर मचाया, जिससे कई गोताखोर दौड़कर आ गए। वह तुरंत युवक को बचाने के लिए गंगा में कूद गए। कुछ लोगों ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक को नाव के जरिये भी तलाश किया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शाम तक युवक की तलाश जारी रही। युवक के गंगा में बहने से परिवार वाले बेहद परेशान हैं।
गंगा में बहा अमकेश्वर।