कमिश्रर ने निर्माणाधीन कॉलेज और शहरी गरीबों को बन रहे आवास देखे
बरेली मंडल के आयुक्त प्रमांशु ने अपने एक दिवसीय भ्रमण के तहत मंगलवार को बारह पत्थर स्थित रक्षा संपदा पर प्रस्तावित पार्क स्थल देखा बाद में वह राजकीय महिला महाविद्यालय, आसरा आवास योजना के तहत निर्माणाधीन भवन और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण करने भी पहुंचे। उन्होंने राजकीय महिला महाविद्यालय के भूतल पर जुलाई में कक्षाएं शुरू कराने की हिदायत दी।
आयुक्त ने जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी, एसएसपी सुनील सक्सेना और सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बरेली रोड स्थित रक्षा संपदा भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। मार्निंग वाक पार्क बनाने के लिए कार्रवाई तेज करने को कहा। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के कमरों की खिड़कियों में जाली की कमी महसूस करते हुए कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को हिदायत दी कि सभी खिड़कियों में जाली अवश्य लगाई जाएं। जिससे छात्राओं को मच्छरों के कारण कोई असुविधा न हो। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर एसबी रस्तोगी, सहायक अभियंता फकीरचंद से कहा कि निचले तल को जल्द पूरा करें ताकि जुलाई में ही कॉलेज सत्र शुरू किया जा सके।
-----
राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज
स्वीकृत राशि- 11 करोड़, 10 लाख रुपये
प्राप्त राशि- दो करोड़, 40 लाख रुपये
अबतक का निर्माण
भूतल पर चार क्लास रूम
शौचालय और प्रधानाचार्य कार्यालय
यह होगा कॉलेज का स्वरूप-
चार मंजिला भवन, 10 क्लास रूम, चार लैब, एक कंप्यूटर रूम, एक लाइब्रेरी, कार्यालय फैकल्टी रूम, परीक्षा कक्ष, तीन मंजिला हॉस्टल, प्रत्येक तल पर शौचालय
-----
गरीबों के आवास में गुणवत्ता ठीक नहीं मिली
बदायूं। आयुक्त ने छोटे सरकार की दरगाह के पीछे आसरा आवास आवासों का भी निरीक्षण किया। आयुक्त ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा भूतल पर बनाए गए आवासों के शटरिंग की गुणवत्ता ठीक न पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया।
----
आसरा आवास योजना
-15 करोड़, 58 लाख रुपये की लागत से 396 आवास बनाए जाएंगे।
-जिसमें आठ करोड़, 31 लाख की लागत से फिलहाल 240 आवास बनाए जा रहें हैं।
-156 आवासों के निर्माण का कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुआ है।
-----
शिक्षकों के पेंशन मामले जल्दी निपटाएं
बदायूं। आयुक्त ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया और सेवानिवृत होने वाले शिक्षकों के पेंशन संबंधित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने की हिदायत दी। कार्यालय में खुले विद्युत तारों और फर्श की स्थिति पर असंतोष जताया और निर्देश दिए कि सभी खुले तारों को पाइप डलवाकर दीवारों के अंदर कराया जाए और फर्श पर टायल लगवाई जाएं।