अक्षय तृतीया शुक्रवार को होने के चलते सराफा बाजार में वृहस्पतिवार शाम से ही रौनक दिखने लगी। चूंकि अक्षय तृतीया पर सोने-चांदी के गहने खरीदने का खास महत्व माना जाता है इसलिए सराफा बाजार की दुकानों पर ग्राहकों के लिए तैयारियां की गई हैं। शाम होते ही कई दुकानें आकर्षक झालरों से सजी नजर आने लगीं।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वैश्य ने बताया कि इस त्योहार पर लोग हीरा और सोने की खरीदारी ज्यादा करते हैं, क्योंकि लोगों का मानना है कि इस दिन सोने और हीरों के गहनों की खरीदारी करने से लक्ष्मी और विष्णु भगवान घर में संपन्नता और खुशहाली लाते हैं। उन्होंने बताया कि सराफा एसोशिएसन की ओर से इस त्योहार पर 25 वर्षो से बाजार सजाया जाता है। एसोसिएशन के सचिव शरद रस्तोगी ने बताया कि अक्षय तृतीया के दौरान सराफा बाजार में पानी, बिजली और साफ-सफाई की विशेष सुविधा एसोसिएशन की ओर से की जाती है। इस त्योहार पर सराफा बाजार में हरसहायमल श्यामलाल की दुकान भी भव्य तरीके से सजाई गई।