कई बार शिकायत के बावजूद घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन न हटाने पर मलगांव के लोग गुरुवार को एसडीएम (सदर) से मिले। कहा, वे लाइन हटवाने पर आने वाला खर्च भी देने को तैयार हैं, फिर भी बिजली विभाग लाइन नहीं हटा रहा है। लाइन से गांव में हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। एसडीएम सदर ने बिजली विभाग के एक्सईएन को कार्रवाई के लिए लिखा है।
गांव मलगांव के काली चरन आदि ने इस संबंध में एसडीएम (सदर) प्रदीप कुमार को पूरी स्थिति से अवगत कराया। कुछ फोटोग्राफ भी दिखाए, जिनमें बिजली की लाइन छतों को छू रही थी। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि अगर जल्दी ही उनके घरों के ऊपर से बिजली की लाइनें नहीं हटाई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। यदि हादसा हुआ तो बिजली विभाग जिम्मेदार होगा। कालीचरन आदि की शिकायत को एसडीएम ने गंभीरता से लिया और शिकायत निस्तारण के लिए बिजली विभाग के एक्सईएन का लिखा है।