कादरचौक (बदायूं)। ब्लॉक क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर की महिलाएं शराब की दुकान के खिलाफ उतर आई हैं। उनका कहना है कि वह अपने गांव में शराब की दुकान नहीं चलने देंगीं। उनके घर के पुरुष लगातार शराब पी रहे हैं, जिससे उनके घर बर्बाद होते जा रहे हैं। अब उन्होंने घर का सामान और जमीन तक बेचना शुरू कर दी है। हालत यह है कि अब छोटे-छोटे बच्चे भी शराब पीने लगे हैं। उनका भविष्य खराब हो रहा है। अगर हम नहीं सोचेंगी तो बच्चों के भविष्य के बारे में और कौन सोचेगा।
सोमवार सुबह गांव की कई महिलाएं अपने-अपने घरों से निकलकर शराब की दुकान के सामने आकर बैठ गईं। सुबह करीब 10 बजे दुकान के सेल्समैन आदि वहां पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को हटाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं दुकान के सामने से नहीं हटीं। न ही उन्होंने दुकान ही खुलने दी। इस पर सेल्समैन आदि ने तुरंत आबकारी विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। आबकारी इंस्पेक्टर रोहित शर्मा और कादरचौक एसओ उदयवीर सिंह मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। उन्होंने दुकान के बाहर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने बताया कि उन्हाेंने दुकान बंद कराने के लिए तीन मार्च को डीएम को पत्र दिया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं ने बताया कि जब से उनके गांव में शराब की दुकान खुली है। तब से कई और लोगों ने शराब पीना शुरू कर दी है। वह लगातार दुकान के विरोध में हैं, लेकिन आबकारी विभाग के अधिकारी जबरदस्ती दुकान खुलवा रहे हैं।
इस दुकान से भले ही सरकार को फायदा हो, लेकिन इससे उनके परिवार को काफी नुकसान हो रहा है। उनके घर बर्बाद हो रहे हैं। पुरुष घर का सामान बेचकर शराब पीते हैं फिर बाहर और घर पर मारपीट करते हैं। अब तो जमीन बेचना भी शुरू कर दी है। जहां-तहां शराब के खाली शीशी पड़ी रहती हैं। छोटे-छोटे बच्चे उन्हें उठाकर पीते हैं। कई बच्चों ने भी पैसे चुराकर शराब पीना शुरू कर दी है।
गांव की धन देवी, सीमा देवी, सावित्री, गुड्डो, नन्ही देवी, मीना देवी, जावित्री, डॉली, आशा देवी, चंद्र प्रभा और कौशल्या आदि ने बताया कि जा शराब ने तो हमारो घर बर्बाद कर दओ है। अब जा दुकान को हम हियां न खुलन दिंगे। जाए कहीं और जगह उठा के ले जाओ। महिलाओं ने दुकान हटाने को 15 अप्रैल तक का समय दिया है।
इस्माइलपुर में दुकान कई साल से खुल रही है। अब पता नहीं क्यों महिलाओं को अचानक से परेशानी होने लगी है। फिर भी हमने मौके पर पहुंचकर उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है। उच्चाधिकारी जो आदेश देंगे। उस पर कार्रवाई कार्रवाई होगी।- रोहित शर्मा, इंस्पेक्टर आबकारी विभाग
कादरचौक के इस्माइलपुर में देशी शराब की दुकान आगे बैठी महिलाएं। संवाद